फरीदाबाद के गांव फतेहपुर तगा की जोहड़ कॉलोनी में रहने वाले पूर्व सरपंच मोहम्मद कदीम के घर नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश रात करीब दो बजे दीवार कूदकर घर में दाखिल हुए और हथियार के बल पर कदीम को बंधक बना लिया।
इसके बाद बदमाश घर में रखे करीब एक करोड़ रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कदीम ने जैसे-तैसे अपने बंधन खोले और पास ही दूसरे मकान में सो रहे परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
वारदात की सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस की टीमें बदमाशों की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी हैं। घटना के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।