संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद की बसेलवा कॉलोनी में ठगों ने 13 वर्षीय बच्ची को उसके पिता की गिरफ्तारी का झांसा देकर घर में रखी नकदी और जेवर ठग लिए। घटना 23 जून की है, जबकि 25 जून को ओल्ड फरीदाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित राजेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी काम पर गए हुए थे। घर पर उनकी 13 वर्षीय बेटी अकेली थी। इसी दौरान एक व्यक्ति घर पहुंचा और बच्ची से कहा कि उसके पिता को पुलिस ने पकड़ लिया है। उसने बच्ची को विश्वास में लेकर घर में रखे 40 हजार रुपये और करीब 30 से 40 हजार के जेवर ले लिए। बाद में परिजनों के घर लौटने पर ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।