सीएम की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। प्रदेश में बुधवार से आरंभ हुई बोर्ड परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने हेतु मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्त एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, गोपनीयता एवं अनुशासन के मानकों में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी समन्वय स्थापित कर स्वयं फील्ड में जाकर निरंतर परीक्षा केंद्रों की निगरानी रखेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में स्थापित सभी 80 परीक्षा केंद्रों पर सुदृढ़ प्रबंध सुनिश्चित हो तथा संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए और निर्धारित परिधि में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहे।
बैठक में एडीसी सतबीर मान, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।