व्यापारियों के खिले चहरे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। होली आज से करीब एक सप्ताह दूर है, पर इसकी चहल-पहल मार्केटों में अभी से शुरू हो गई है। जिले के एनआईटी-1, बल्लभगढ़ और एनआईटी 3-4 में मौजूद मार्केटों में कपड़ों की दुकानों सहित पूरे मार्केट में भीड़ नजर आ रही है। इसके अलावा जिले में मौजूद मॉल में भी भारी भीड़ नजर आ रही है। इनमें सबसे ज्यादा लोग कपड़े और रंगों की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। इससे सभी व्यापारी बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
विभिन्न मार्केट के दुकानदारों ने बताया कि आगामी दिनों में और भी भीड़ हो जाती है, इसके चलते लोग कुछ दिन पहले ही खरीदारी कर लेते हैं। कपड़ा दुकानदारों ने बताया कि गर्मियां शुरू हो रही हैं, तो पुरुष ज्यादातर हाफ शर्ट या टीशर्ट और हल्की जींस या अन्य पैंट ले रहे हैं। वहीं महिलाएं प्लाजो, सलवार सूट और साड़ियां खरीद रही हैं। मुदित नाम के एक व्यापारी ने बताया कि इसके अलावा लोग होली खेलने के लिए पहनी जाने वाली सफेद टीशर्ट और कुर्ते भी खरीद रहे हैं।
वहीं सचिन नाम के एक रंग बेचने वाले व्यापारी ने बताया कि विभिन्न तरह के रंग व गुलाल उनके पास मौजूद हैं। कई तरह की पिचकारियां भी हैं। पिचकारियों की बिक्री अभी से शुरू हो गई हैं। 50 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक की पिचकारी दुकान पर मौजूद है।