फरीदाबाद। जिले के मुख्य बीके नागरिक अस्पताल की स्त्री रोग (गायनोकोलॉजी) ओपीडी में बुधवार को मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। सामान्य दिनों में जहां इस ओपीडी में 200 से 250 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, वहीं बुधवार को यह आंकड़ा बढ़कर 300 से 350 के पार पहुंच गया। अचानक बढ़ी मरीजों की संख्या और डॉक्टरों की खींचतान के चलते महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल में इलाज कराने आईं महिला मरीजों ने बताया कि विभाग में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। ओपीडी में पर्याप्त डॉक्टर न होने के कारण जैसे ही मरीजों की संख्या में थोड़ा इजाफा होता है, लंबी लाइनें लग जाती हैं।
कतार में खड़ी महिलाओं ने अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि एक-एक मरीज की जांच और परामर्श में 15 से 20 मिनट का समय लग रहा है। ऐसे में सीमित डॉक्टरों के भरोसे इतने बड़े आंकड़े को संभालना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों और मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि बीके अस्पताल में जल्द से जल्द स्त्री रोग विशेषज्ञों की तैनात संख्या बढ़ाई जाए। संवाद