फरीदाबाद में कोल्ड ड्रिंक का थोक ऑर्डर देने दिल्ली से बड़खल आ रहे कारोबारी सुशील कुशवाहा को सूरजकुंड रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट लिया। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दे बदमाश उनका 1.20 लाख रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर सूरजकुंड पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
सुशील के मुताबिक दिल्ली के मुकाबले फरीदाबाद में कोल्ड ड्रिंक के थोक रेट कम हैं। वह बड़खल स्थित एक एजेंसी से कोल्ड ड्रिंक खरीद कर दिल्ली ले जाकर आपूर्ति करता है। बृहस्पतिवार की शाम करीब सवा सात बजे वह माल का ऑर्डर देने के लिए बोलेरो से बड़खल के लिए निकला था।
रात करीब आठ बजे सूरजकुंड रोड स्थित सिद्धदाता आश्रम के पास पीछे से आए तीन युवकों ने अपनी बाइक उनकी बोलेरो के आगे लगा दी। मजबूरन उन्हें कार रोकनी पड़ी। कार रोकते ही बाइक से दो बदमाश उतरे जबकि तीसरा बाइक स्टार्ट किए खड़ा रहा।
एक ने उनकी गर्दन पर चाकू लगा दिया। विरोध करने पर गला रेतने की धमकी देते हुए उनका बैग छीना और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। मामले की जांच कर रहे सूरजकुंड थाने के एएसआई नरेंद्र कुमार ने बताया कि बदमाशों का सुराग लगाया जा रहा है।