गुड़गांव -सोहना रोड पर बादशाहपुर कस्बे में चिनार होटल के सामने एक सीएनजी ऑटो शोरूम में शुक्रवार की सुबह आग लग गई। फायर विभाग की आठ गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। इस आगजनी मेें 22 ऑटो जलकर राख हो गए। हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
बता दें कि बादशाहपुर में सामुदायिक केंद्र के साथ स्थित एक ऑटो शोरूम है। जिसमें अचानक शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे आग लग गई। हादसे में शोरूम में खड़े 22 ऑटो जल गए। करीब 1600 वर्ग गज में बने शोरूम के पिछले हिस्से में सबसे पहले आग लगी। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आनन-फानन में दमकल विभाग को सूचना देकर बुलाया गया।
आग इस कदर लगी कि शोरूम की दीवारों में दरारें आ गईं। आग इतनी भयानक थी कि दीवार तोड़कर आग पर काबू पाने के लिए जेसीबी बुलाई गई। बादशाहपुर पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों को लेकर पुलिस अपनी कार्रवाई में जुट गई। वहीं बिजली विभाग की टीम ने भी मामले की गहनता से जांच करते हुए अपनी रिपोर्ट बनाई।
दमकल कर्मचारी को करंट का झटका
दमकल विभाग का एक कर्मचारी जब आग बुझाने के लिए शोरूम के अंदर घुसा तो उसे करंट का तेज झटका लगा। बिजली निगम में सूचना देकर पूरी लाइन को बंद कराया गया।
ऑटो शोरूम में आग लगने के कारण कुल 22 वाहनों को नुकसान हुआ। जिसमें आठ से दस वाहन पूरी तरह से खाक हो गए हैं।-आईएस कश्यप, फायर अधिकारी, सेक्टर-29 गुड़गांव।