हरिओम हत्याकांड: मंगेतर के सिरफिरे आशिक ने की थी हत्या
- युवती से एकतरफा प्यार करता था आरोपी, कई बार रख चुका था शादी का प्रस्ताव
- क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने पलवल से किया गिरफ्तार, मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राजीव कॉलोनी में युवक की गोली मारकर की गई हत्या की वारदात को सुलझाते हुए पुलिस ने उसकी मंगेतर के सिरफिरे आशिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक युवती से एक तरफा प्यार करता था और उसने उसे धमकी दी थी कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो उसे किसी और की भी नहीं होने देगा। क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने आरोपी ललित को पलवल से गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे मंगलवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
खान मार्केट, राजीव कॉलोनी निवासी रणवीर सिंह उर्फ भोला की गुर्जर चौक पर मिठाई की दुकान है। भोला के बेटे हरिओम की 28 अप्रैल की शादी तय थी। उसके पिता शादी के कार्ड बांटने व अन्य कार्यों में व्यस्त थे। इस कारण दुकान हरिओम संभाल रहा था। गत 22 अप्रैल को हरिओम दुकान पर बैठा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक नकाबपोश युवक उसकी दुकान पर पहुंचा। दुकान में आते ही उसने हरिओम के सिर में कट्टे से दो गोली मारी और फरार हो गया। इस हत्याकांड में हरिओम के परिजनों ने पड़ोस में ही रहने वाली एक महिला व उसके दो बेटों पर हत्या का शक जाहिर करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया था। मगर पुलिस को जांच में उनका कोई रोल नहीं मिला। इस पर पुलिस ने जांच हरिओम की मंगेतर की तरफ मोड़ दी।
युवती से पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि उसे एक सिरफिरे आशिक गांव खोकियाका, पलवल निवासी ललित ने परेशान कर रखा है। ललित उससे एकतरफा प्यार करता है और उसने कई बार युवती के समक्ष शादी का प्रस्ताव रखा था, मगर उसने ठुकरा दिया। इस पर ललित ने उसे धमकी दी थी कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो वह उसे किसी और की भी नहीं होने देगा। पुलिस ने ललित की तलाश शुरू की तो पता चला कि हरिओम की हत्या के बाद से वह भी फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह छापा मारा। अंतत: सोमवार को उसे पलवल स्थित उसके मामा के घर से धर दबोचा।
24 घंटे सादे कपड़ों में लगी रही पुलिस
क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ललित की तलाश में पिछले 24 घंटे से सादे कपड़ों में जुटी हुई थी। क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि सोमवार को ललित अपने मामा के घर से भी भागने के चक्कर में था। अगर वह आज निकल जाता तो फिर उसे ढूंढना भारी पड़ जाता।