अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू की पार्वती घाटी में एक पर्यटक महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला ने गेस्ट हाउस में तैनात एक कर्मचारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर कुल्लू थाना में मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मामला पार्वती घाटी के कुठला का है। पुलिस को दी शिकायत में गुरुग्राम, हरियाणा की महिला कहा कि वह मणिकर्ण घाटी घूमने गई हुई थी। इस दौरान वह रविवार को कुठला गांव स्थित एक गेस्ट हाउस में रुकी थी। इसके चलते गेस्ट हाउस में एक कर्मचारी उसके कमरे में आया और छेड़खानी की। पुलिस ने मामले को लेकर धारा 354 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने कहा कि पुलिस ने पर्यटक महिला की शिकायत पर केस दर्जकर दिया है। गेस्ट हाउस में तैनात कर्मचारी को मामले की जांच में शामिल होने का नोटिस दिया है। उन्होंनेे कहा कि पुलिस की टीम ने मौका का भी जायजा ले लिया है।