रुपये लेकर घर जा रहे एक शख्स से दो लाख रुपये छीनने के मामले में पुलिस कार्रवाई न होने से क्षुब्ध गांव मोहब्बताबाद निवासी बिजेंद्र नामक युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे उपचार के लिए एस्कॉर्ट्स फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला आपसी लेनदेन का है और उसकी जांच करवाई जा रही है।
बिजेंद्र के परिजनों ने बताया है कि 14 नवंबर को बिजेंद्र ने अपना ट्रक बेचा था। इससे उसे छह लाख रुपये मिले थे। बिजेंद्र और उसके पार्टनर ने रुपये गिने और उनमें से चार लाख रुपये बिजेंद्र ने रख लिए, जबकि दो लाख रुपये मनोज को दे दिए।
रुपये लेकर मनोज घर जा रहा था, तभी पलवल निवासी एक व्यक्ति वहां आ गया। आरोपी गांव के ही एक व्यक्ति का दामाद है। आरोप है कि उसने मनोज से रुपये छीनने की कोशिश की। मनोज ने रुपये नहीं दिए तो आरोपी ने फोन कर कुछ और लोगों को वहां बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर बिजेंद्र से दो लाख रुपये छीन लिए और चले गए।
परिजनों का कहना है कि बिजेंद्र ने इसकी शिकायत धौज थाने में की, मगर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे क्षुब्ध होकर उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया। धौज थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने बताया कि मामला रुपयों के लेन-देन का है।
मामले की सच्चाई जानने के लिए शनिवार को दोनों पक्षों के लोगों की थाने में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत चल रही थी। बिजेंद्र बीच में से उठकर चला गया था। उसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि उसने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।