एक माह बाद भूपानी पुलिस ने
दर्ज किया कार छीनने का मामला
फरीदाबाद। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नहर पार के लिए टैक्सी बुक करवा कर लाए दो युवक चालक के साथ मारपीट कर गाड़ी लूट ले गए। सीमा विवाद में उलझी पुलिस ने करीब एक माह पहले हुई वारदात का मुकदमा शनिवार को दर्ज किया है। थाना भूपानी पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर दिल्ली पुलिस को भेज दी, जिसे दिल्ली पुलिस ने वापस लौटा दिया तो यहां मामला दर्ज किया गया है।
दिल्ली उत्तम नगर निवासी प्रदीप कुमार अपने फूफा की गाड़ी को बतौर टैक्सी चलाता है। गत 9 अक्तूबर को प्रदीप नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खड़ा था। इस दौरान उसके पास दो युवक आए और नहर पार फरीदाबाद चलने के लिए पूछा। पैसे तय करने के बाद दोनों युवक कार में बैठ गए। नहर पार पहुंचने पर चालक ने दोनों युवकों से पूछा कि कितनी आगे जाना है तो दोनों ने बताया कि बस अगले गांव में ही उतरना है। गांव में पहुंचने से पहले दोनों युवकों ने चालक प्रदीप के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी और चालक सीट से हटाकर साथ वाली सीट पर बैठा दिया। कार में सवारी बनकर बैठे युवकों में से एक कार चलाने लगा, जबकि दूसरे ने उसे काबू कर लिया। गांव लालपुर पहुंचने पर दोनों युवक प्रदीप को कार से धक्का देकर कार लूट ले गए। इस दौरान चालक का मोबाइल फोन भी कार में गिर गया।
चालक ने शोर मचाया तो लोग जमा हो गए। प्रदीप ने उन्हें घटना के बारे में बताया और फिर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदीप की शिकायत पर बदमाशों की लूट की मंशा दिल्ली से ही होने की बात कह उसकी शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस को भेज दी। मगर दिल्ली पुलिस ने इसे फरीदाबाद की घटना बताकर मामला दर्ज करने से इंकार कर दिया और जीरो एफआईआर वापस फरीदाबाद पुलिस के पास भेज दी। इस पर डीसीपी सेंट्रल के आदेश पर भूपानी पुलिस ने कार छीनने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।