बिस्तर पर पड़ा था पत्नी का शव, फंदे पर लटका था पति
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा में रहने वाले दीक्षित दंपति की विवाह की तीसरी वर्षगांठ की रात मौत हो गई। पुलिस को पत्नी प्रीति का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ मिला, जबकि पति अनूप दीक्षित का शव चुनरी के फंदे पर लटका हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है।
सराय ख्वाजा थाना प्रभारी के मुताबिक, अनूप कुमार मूल रूप से कासगंज और प्रीति बदायूं की रहने वाली थी। दोनों का विवाह तीन साल पहले 11 जून को हुआ था। दोनों ही फरीदाबाद में अलग-अलग संस्थाओं मेें जॉब करते थे। प्रीति ने शादी की वर्षगांठ मनाने के लिए फोन कर अपनी मां को बदायूं से बुलाया था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मां घर पहुंची थीं। काफी देर तक खटखटाने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। वृद्धा ने पड़ोसियों की मदद से पेचकस से स्क्रू् ढीले कर दरवाजा खोला। ऊपर पहुंचीं तो कमरे में बेटी प्रीति का शव बिस्तर पर और दामाद का शव फांसी के फंदे पर लटकता हुआ देखा। वह चीखते पुकारते हुए बाहर भागीं।
लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिए। एसएचओ सराय ख्वाजा महेश कुमार के मुताबिक, प्रीति के गले में निशान पाए गए। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मेें महिला की मृत्यु के कारण स्पष्ट होंगे, परिजनों की तहरीर पर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की दिशा तय की जाएगी।
रात क्या हुआ होगा, हो रही चर्चा
दंपति की मौत कैसे हुई होगी इस पर मोहल्ले वालों में कई तरह की चर्चाएं हैं। आसपास रहने वालों का कहना है कि रात में दंपति के बीच लड़ाई हुई थी। घर से दोनों की तेज आवाजें बाहर आ रही थीं। घर के अंदर क्या हुआ होगा लोग इसकी कल्पना कर रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि गुस्से में आकर प्रीति ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर ली होगी, इससे घबरा कर अनूप ने भी जान दे दी। दूसरे लोगों का तर्क है कि यदि प्रीति ने फांसी लगाई होती तो उसका शव भी फंदे पर ही लटकता हुआ मिलता क्योंकि एक व्यक्ति अकेले शव को फंदे से नहीं उतार सकता। इन लोगों का तर्क है कि गुस्से में पति ने प्रीति का गला दबाया होगा, मौत होने पर घबरा कर उसने भी जान दे दी। एसएचओ सराय ख्वाजा का कहना है कि घटना का कोई चश्मदीद नहीं है, इसलिए कुछ भी अनुमान लगाया जा सकता है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही जांच की दिशा तय की जाएगी।