नशा मुक्त दिन में बेच रहा था शराब
फरीदाबाद। गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश में ड्राई डे (नशा मुक्त दिन) घोषित होने के बावजूद चोरी छिपे अवैध शराब बेचने वालों के खिलाफ क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने शनिवार देर शाम बड़ी कार्रवाई की। सीआईए टीम ने गांव फतेहपुर चंदीला निवासी कर्मवीर के घर पर छापामार कर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब की 70 पेटियां पकड़ीं। पुलिस कर्मवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
डीएलएफ क्राइम ब्रांच प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर सरकार ने ड्राई डे घोषित कर रखा था। शहर में कहीं भी शराब की अवैध बिक्री न हो इसके लिए उनकी टीम के सदस्य सक्रिय थे। शनिवार शाम मुखबिर ने सूचना दी कि गांव फतेहपुर चंदीला में कर्मवीर नाम का व्यक्ति अपने घर से अवैध शराब की बिक्री कर रहा है। इस पर टीम के एक सदस्य को ग्राहक बना कर कर्मवीर के यहां भेजा गया। उससे अंग्रेजी शराब की बोतल का सौदा तय हुआ। जैसे ही कर्मवीर बोतल लेने घर के अंदर गया पुलिसकर्मी ने अन्य साथियों को इशारा कर दिया। टीम ने छापा मारा तो घर के अंदर अंग्रेजी शराब की 38 और देशी शराब की 32 पेटियां बरामद हुई। कर्मवीर इन पेटियों की खरीद फरोख्त से संबंधित कोई कागज नहीं दिखा सका। नवीन कुमार ने बताया कि कर्मवीर को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनआईटी पांच थाने में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है। छापामार टीम में नवीन कुमार के साथ एसआई जमील अहमद, एसआई असरुद्दीन, एएसआई अश्वनी कुमार, मुख्य आरक्षी ईश्वर सिंह, सिपाही नितिन कुमार, प्रवीण कुमार, मनोज कुमार, प्रीतम, संदीप आदि मौजूद रहे।