फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिल्मी स्टाइल में आकर डाकघर के क्लर्क को मारी गोली, 1.73 लाख लूटे

Tue, 09 Oct 2018 07:00 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन
फरीदाबाद में सोहना रोड स्थित डाकघर में मंगलवार दिनदहाड़े दो बदमाश फिल्मी स्टाइल में एक क्लर्क को गोली मारकर करीब पौने दो लाख रुपये लूट कर ले गए। गोली क्लर्क के जबड़े में लगकर बाहर निकल गई। घायल क्लर्क को बीके सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे परिजन एस्कॉटर्स अस्पताल ले गए। दोनों बदमाशों ने हेलमेट पहन रखे थे और काला चश्मा लगा रखा था। पुलिस को मौके से 32 बोर का एक खोल मिला है। थाना मुजेसर पुलिस लूट का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
विज्ञापन


सेक्टर-22 स्थित डाक घर अभी करीब तीन माह पहले ही सोहना रोड स्थित सिंडिकेट बैंक के ऊपर शिफ्ट हुआ है। मंगलवार दोपहर को तीन बजे पब्लिक डीलिंग समाप्त होने के बाद डाकघर में क्लर्क शिवराम व प्रदीप अपने कंप्यूटर पर खातों का मिलान कर रहे थे। इनके पीछे ही पोस्टमास्टर रोहताश डागर बैठे थे। वहां अपनी आरडी बुक लेने आए प्रत्यक्षदर्शी विनोद कुमार ने बताया कि करीब सवा तीन बजे दो युवक काउंटर पर आए। दोनों ने हेलमेट पहन रखे थे और काला चश्मा लगाया हुआ था। काउंटर पर आते ही उनमें से एक ने शिवराम पर पिस्तौल तानते हुए रुपयों की मांग की। विनोद के अनुसार, उन्हें लगा कि कोई मजाक कर रहा है, मगर फिर उसके दूसरे साथी ने उन्हें दूसरी तरफ चले जाने को कहा। इस पर जहां डाकिये अपनी डाक छंटाई करते हैं, वहां जाकर एक कुर्सी पर बैठ गए। वहां क्लर्क अमर सिंह काम कर रहे थे।

इसी दौरान उन्होंने गोली चलने की आवाज सुनी तो क्लर्क अमर सिंह अपनी सीट से खड़े हो गए और काउंटर की तरफ बढ़ने लगे। अमर सिंह के अनुसार, बदमाशों ने उन्हें पिस्तौल दिखाते हुए चुपचाप बैठने की हिदायत दी, जिस पर वह और विनोद सिर झुकाकर जमीन पर बैठ गए। इसके बाद दोनों बदमाशों ने प्रदीप और शिवराम के काउंटर से कैश निकाला और एक बैग में डालकर फरार हो गए। इसके बाद अमर सिंह और विनोद काउंटर पर पहुंचे तो देखा कि शिवराम लहूलुहान हालत में पड़े थे। क्लर्क प्रदीप घायल शिवराम को लेकर बीके अस्पताल में पहुंचा और भर्ती करवाया। घटना की सूचना पुलिस और डाक विभाग के आला अधिकारियों को दी गई।
विज्ञापन


थाना मुजेसर प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में एसीपी मुजेसर राधेश्याम, एसीपी क्राइम यशपाल खटाना व क्राइम ब्रांच की टीमें भी वहां आ गईं। डीसीपी एनआईटी विक्रम कपूर भी घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना किया। पुलिस को मौके से 32 बोर का एक खोल मिला है। डाक विभाग ने थाना मुजेसर पुलिस को प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि बदमाश 1.73 लाख रुपये ले गए हैं। फिलहाल खातों का मिलान जारी है। पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोटरसाइकिल पर नहीं था नंबर
डाकघर में कार्यरत क्लर्क अमर सिंह ने बताया कि बदमाशों के नीचे उतरने के बाद उन्होंने खिड़की से बाहर झांका तो देखा कि बैंक से थोड़ी आगे खड़ी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोनों भाग रहे हैं। उन्होंने मोटरसाइकिल का नंबर नोट करने की कोशिश की, मगर पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं थी।

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरे
डाक घर के अंदर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। डाक विभाग के सूत्रों के अनुसार गेट पर कैमरा लगा है। इसके अलावा डाकघर के नीचे ही सिंडिकेट बैंक है। उसके गेट पर भी कैमरा लगा हुआ है। पुलिस दोनों कैमरों के अलावा रोड पर अन्य प्रतिष्ठानों पर लगे कैमरों को भी खंगाल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें