बदमाशों ने दो महिलाओं की चेन झपटी
फरीदाबाद। पुलिस के लाख दावों के बावजूद झपटमारी की वारदात पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोमवार को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने कुछ पलों में सेक्टर-31 थाना क्षेत्र में दो महिलाओं के गले से सोने की चेन तोड़ ली और फरार हो गए। इस दौरान पुलिस को झपटमारों की मोटरसाइकिल का नंबर मिला है, मगर वह अधूरा है। पुलिस नंबर के आधार पर झपटमारों की तलाश करने में जुटी है।
सेक्टर-31 निवासी नरेश अग्रवाल की पत्नी राजेश अग्रवाल सोमवार शाम को किसी काम से बाजार गई थी। इस दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल पर आए दो झपटमारों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। महिला ने बदमाशों को पकड़ने के लिए शोर भी मचाया, मगर तब तक वे वहां से रफूचक्कर हो गए थे। महिला ने घटना के बारे में अपने पति और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस अभी जांच में जुटी थी कि सूचना मिली की एनएचपीसी मेट्रो स्टेशन के पास मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन छीन ले गए।
मौके पर पहुंची पुलिस को पीड़ित सरिता विहार, दिल्ली निवासी रेखा ने बताया कि वह दिल्ली जाने के लिए मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने आई थी। इसी दौरान काले रंग की बाइक सवार दो बदमाश उनके गले से सोने की चेन तोड़ कर ले गए। दोनों पीड़ितों नरेश अग्रवाल व रेखा ने पुलिस को मोटरसाइकिल का नंबर भी बताया है। मोटरसाइकिल पर दिल्ली का नंबर है, मगर अधूरा होने के कारण पुलिस उसकी जांच करवा रही है। जांच अधिकारी एएसआई बिजेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हुई है, मगर बदमाशों ने हेलमेट पहन रखे हैं, इसलिए उनकी पहचान नहीं हो पाई। नंबर के आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।