50 हजार का इनामी जग्गा साथी सहित गिरफ्तार
फरीदाबाद। गुरुग्राम व कोसीकलां में पुलिसकर्मियों पर हमला करने सहित, हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और फिरौती सहित कई संगीन मामलों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश जगदीप उर्फ जग्गा को उसके साथी सोनू के साथ क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने गिरफ्तार किया है। डीसीपी क्राइम सुखबीर सिंह ने बताया कि चांदहट, पलवल निवासी जग्गा पिछले दस साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय है।
डीसीपी के अनुसार, जग्गा पर शहर बल्लभगढ़ में हत्या, सेक्टर-55 में हत्या, मुजेसर में जानलेवा हमला, तिगांव थाने में शस्त्र अधिनियम, चांदहट थाने के अंतर्गत वसूली, शहर बल्लभगढ़ थाने के अंतर्गत लूट के अलावा उत्तर प्रदेश के कोसीकलां और गुरुग्राम के पटौदी में पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा जाखड़ मोहल्ला, मुजेसर निवासी सोनू पर तिगांव थाने में शस्त्र अधिनियम, शहर बल्लभगढ़ और सेक्टर-55 थाने में हत्या के मामले दर्ज हैं।
क्राइम ब्रांच प्रभारी वरुण दहिया के अनुसार, जग्गा ने करीब 10 साल अपराध की दुनिया में कदम रखा था और एक के बाद एक कई वारदात कर इनामी बदमाश बन बैठा। पुलिस काफी समय से इसे पकड़ने की फिराक में थी। जग्गा फरीदाबाद व आसपास के अन्य जिलों व प्रदेशों में हत्या व हत्या का प्रयास व लूट व अवैध वसूली के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर हथियारों के साथ रंगदारी के लिए गोली चलाने के मामलों में वांछित अपराधी रहा है। पुलिस ने जग्गा व सोनू से एक पिस्तौल, चार देशी कट्टा और 20 गोलियां बरामद की हैं।