एनएसयूआई के धरनास्थल से चोरी
- धरने पर बैठे एनएसयूआई के प्रदेश सचिव के 12 हजार रुपये
- दो मोबाइल फोन व अन्य सामान हुआ चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित राजकीय नेहरू कॉलेज के सामने पिछले 37 दिन से धरना दे रहे एनएसयूआई के प्रदेश सचिव कृष्ण अत्री का बैग सोमवार रात को धरना स्थल से चोरी हो गया। बैग में 12 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन, घड़ी, एटीएम कार्ड, कपड़े व अन्य सामान था। अत्री ने इसकी शिकायत सेक्टर-16 पुलिस चौकी में दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अत्री का कहना है कि धरना स्थल पर उनकी जान को भी खतरा है। धरने पर बैठने के दौरान उन्होंने उपायुक्त को भी इस संबंध में बताया था और सुरक्षा की मांग की थी।
राजकीय कॉलेजों में 20 फीसदी सीटों को बढ़ाने की मांग को लेकर एनएसयूआई के प्रदेश सचिव कृष्ण अत्री के नेतृत्व में कार्यकर्ता राजकीय नेहरू कॉलेज के सामने पिछले 37 दिन से धरना दे रहे हैं। रात को अत्री सहित कुछ कार्यकर्ता धरना स्थल पर ही सोते हैं। अत्री ने बताया कि मंगलवार सुबह जब वह उठे तो धरना स्थल से उनका बैग गायब था। बैग में उनके कपड़ों के अलावा, 12 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन, घड़ी, चार्जर, ईयर फोन, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड आदि सामान था। उन्होंने 100 नंबर पर पुलिस को घटना की सूचना दी और उसके बाद चौकी में जाकर शिकायत भी देकर आए हैं। मगर मंगलवार शाम तक पुलिस मौके पर जांच करने नहीं पहुंची, जबकि आसपास बने कोचिंग सेंटर व अन्य संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस को उनसे चोरों के बारे में सुराग मिल सकता है।
सेक्टर-तीन में मिला बैग
अत्री ने बताया उनके बैग में एक कार्यकर्ता के कुछ फार्म भी पड़े थे। मंगलवार दोपहर को उसके पास सेक्टर-तीन से किसी का फोन आया कि उनके मकान में कोई एक बैग फेंक गया है, जिसमें रखे उसके फार्म पर मोबाइल नंबर होने के कारण उन्होंने उस युवक को फोन कर दिया। हालांकि उनके पहुंचने से पहले ही उन लोगों ने सेक्टर-तीन चौकी में जाकर वह बैग पुलिस को सौंप दिया था। बैग में कपड़े व एटीएम कार्ड था। रुपये, मोबाइल फोन आदि सामान गायब था।