फरीदाबाद थाना एनआईटी क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-21बी स्थित एक गेस्ट हाउस में फाइनेंसर दिनेश पंडित पर हथौड़े से हमले के आरोप में थाना एनआईटी पुलिस ने बदमाश कात्या उर्फ आदित्य सहित 20-25 हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
आरोपी गुंडा टैक्स वसूलते हैं और पीड़ित से भी रंगदारी की मांग कर रहे थे। रंगदारी नहीं देने पर उन्होंने उस पर हमला कर दिया। हमले में बदमाशों ने हथौड़े से दिनेश के हाथ पैर बुरी तरह तोड़ दिए थे, जिससे पीड़ित के दौरान पैर काम करने लायक नहीं रहे।
पुलिस को दिए बयान में दिनेश ने बताया कि 3 नवंबर को वह सेक्टर-21बी स्थित एक गेस्ट हाउस में किसी से मिलने गया था। पीड़ित का आरोप है कि मच्छगर गांव निवासी आदित्य उर्फ कात्या, मनोज उर्फ जीरो, दिनेश, राजू देशवाल, प्रीतम, छिद्दी, ऋषि, भोपाल, जीतन और 20-25 बदमाशों ने उस पर हमला किया था।
बदमाशों ने दिनेश को मारने के लिए गोली भी चलाई, गनीमत रही कि वह उसे लगी नही। दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसका फाइनेंसर और पुरानी गाड़ियों की खरीद फरोख्त का काम है। ऐसे में आरोपी उससे गुंडा टैक्स (रंगदारी) मांग रहे थे और न देने पर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
रंगदारी देने से मना करने पर उन्होंने उस पर हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी उसकी हत्या कर खौफ पैदा करना चाहते थे। आरोपी उसे मरा समझकर और उससे 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। आईसीयू में भर्ती होने के कारण पीड़ित के बयान दर्ज नहीं हो पाए थे, इसके चलते अभी तक मामला दर्ज नहीं हो सकता था।