फावड़े से हमला कर हत्या
फरीदाबाद। थाना खेड़ीपुल क्षेत्र स्थित गांव भतौला में शराब के नशे में धुत तीन लोगों ने एक व्यक्ति की फावड़े से काटकर हत्या कर दी। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, मगर शराब के नशे में धुत होने के कारण वह पुलिस को कुछ बता नहीं पा रहे हैं।
थाना खेड़ीपुल प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप मोर ने बताया कि शुक्रवार शाम को उन्हें सूचना मिली कि गांव भतौला में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो गांव भतौला निवासी रामबीर सिंह का शव वहां खून से लथपथ हालत में मिला। पास ही खून से सना एक फावड़ा मिला। बताया जा रहा है कि रामबीर ने शुक्रवार शाम को तीन लोगों के साथ बैठकर शराब पी थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शराब पीने के दौरान इनका किसी बात पर विवाद हुआ और उन्होंने रामबीर की फावड़े से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, मगर वे बहुत अधिक नशे में हैं और कुछ बता नहीं पा रहे हैं। पुलिस ने उनका नशा उतरने का इंतजार कर रही है। पुलिस ने रामबीर के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।