एसआरएस ग्रुप के खिलाफ एसएफआईओ ने शुरू की जांच
- बिल्डर ग्रुप के कई पदाधिकारियों को मिले नोटिस तो मची अफरातफरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पुलिस, आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय के बाद अब मिनिस्ट्री ऑफ कार्पोरेट अफेयर्स के सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (एसएफआईओ) ने भी एसआरएस ग्रुप व उससे जुड़ी अन्य कंपनियों की जांच शुरू कर दी है। एसआरएस ग्रुप से जुड़े कई अधिकारियों को एसएफआईओ का नोटिस मिलने से उनमें अफरातफरी मच गई। ग्रुप से जुड़े कई अधिकारी तो पुलिस, आयकर विभाग और मिनिस्ट्री ऑफ कॉरर्पोरेट अफेयर्स में शपथ पत्र देकर खुद को पाक साफ बताने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रॉपर्टी में निवेश, मोटे ब्याज आदि का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी एसआरएस समूह के चेयरमैन डॉ. अनिल जिंदल सहित कई निदेशकों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के चार दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने जिंदल सहित कई निदेशकों को इस साल अप्रैल में गिरफ्तार किया था। तभी से सभी लोग जेल में बंद हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फ्रॉड का खुलासा हुआ और आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय ने भी इसकी जांच शुरू कर दी थी।
हाल ही एसएफआईओ की तरफ से ग्रुप से जुड़े कुछ अधिकारियों को जांच में शामिल होने का नोटिस मिला है। इसके बाद से पूरे ग्रुप में खलबली मच गई है। हर कोई दबी जुबान में एक दूसरे से एसएफआईओ के नोटिस के बारे में पूछ रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कितने लोगों को नोटिस मिला है।