हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत
फरीदाबाद। सोजना (सहजना) की फली तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़े एक युवक को ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान पेड़ में भी आग लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने लाइन बंद करवा कर मृतक के शव को नीचे उतारा।
घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे की है। उत्तम नगर डबुआ कालोनी निवासी भीम सिंह मंगलवार शाम को गाजीपुर से दूध लेकर वापस अपने घर जा रहा था। रास्ते में सोजना का पेड़ देखकर उसकी फली तोड़ने के लिए उसने अपनी मोटरसाइकिल रोक दी और पेड़ पर चढ़ गया। इस दौरान पेड़ के ऊपर से गुजर रही बिजली की हाईटेंशन लाइन में उसे अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते उसके शरीर में आग लग गई। इसकी सूचना पुलिस व अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची डबुआ पुलिस ने बिजली की लाइन बंद करवा युवक के शव को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। ब्यूरो