पिस्तौल के बल पर बदमाशों ने कार लूटी
बल्लभगढ़। कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने बाईपास रोड पर एक युवक से कार लूट ली और फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
त्रिखा कॉलोनी निवासी अमित सिंह ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह किसी काम से दिल्ली गया था। रात को करीब 11 बजे वह घर लौट रहा था। बाईपास रोड पर एनटीपीसी चौक के पास एक कार ने उसे हार्न दिया और ओवरटेक करके उसकी कार के आगे लगा दी। कार में सवार तीन युवकों में से एक उतरकर उसके पास आया और चालक ने साइड से शीशे पर पिस्तौल लगा दी। उसने उसे कार से उतरने का इशारा किया। डर के कारण उसने गेट खोल दिया। इस पर आरोपी ने उसे धक्का दिया और खुद कार में सवार होकर उसकी कार लूट कर ले गया। अमित सिंह के अनुसार, कार में उसका पर्स भी रखा था, जिसमें पांच हजार रुपये व अन्य सामान था।
बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस व परिजनों को दी। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच केे बाद अमित सिंह की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में सुराग की तलाश में जुटी है।