अलमारी का ताला ठीक करने के दौरान बदमाशों ने जेवर उड़ाए
फरीदाबाद। अलमारी का ताला ठीक करने के दौरान दो बदमाश एनआईटी-एक स्थित एक शिक्षिका के घर से लाखों के जेवर चुरा कर ले गए। थाना कोतवाली पुलिस ने महिला की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस उनकी पहचान में जुटी है।
एनआईटी-एक ए ब्लॉक निवासी रेखा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 23 जनवरी की शाम को उनके घर के सामने से साइकिल सवार दो लोग ताला ठीक करवाने की आवाज देते हुए निकले। उनकी अलमारी का ताला खराब था। इस पर उन्होंने दोनों को अलमारी का ताला ठीक करने के लिए बुला लिया। ताला ठीक करने के दौरान एक युवक बाहर चला गया, जबकि दूसरा पेच कस रहा था। रेखा की जेठानी ने उनसे अलमारी का लॉकर जांचने के लिए कहा तो युवक ने कहा कि अभी इसमें तेल डाला है, थोड़ा रुक कर लॉकर खोलना। इतना कहकर वह युवक भी बाहर चला गया। शिक्षिका ने बताया कि युवक पैसे लिए बिना ही चले गए। इस पर उन्हें शक हुआ तो उन्होंने तुरंत लॉकर खोलकर देखा तो उसमें से सोने की चेन, चार अंगूठी, मंगलसूत्र, दो जोड़ी टॉप्स, सोने के दो कुंडल गायब थे। इस पर महिला के पति ने दोनों साइकिल सवारों को तलाश किया। मगर उनका कुछ पता नहीं चला। जांच अधिकारी सोमवीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।