नशे के सौदागर से 25 किलो गांजा व 19 लाख रुपये नकद बरामद
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने सेक्टर-22 मछली मार्केट के सामने बसी झुग्गी बस्ती में एक गांजा तस्कर के अड्डे पर छापा मारकर वहां से 25 किलो गांजा और करीब 19 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। किसी भी तस्कर से पकड़ी गई यह अब तक की सबसे अधिक रकम बताई जा रही है। पुलिस को आरोपी के बेटे की भी तलाश है। पिता-पुत्र दोनों मिलकर अफीम, गांजा, स्मैक व शराब बेचते थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें एक सूचना मिली थी कि सेक्टर-22 मछली मार्केट के सामने बसी झुग्गी बस्ती में भारी मात्रा में नशे की खेप आई हुई है। सूचना के आधार पर उन्होंने स्थानीय मुजेसर थाना पुलिस की टीम को साथ लेकर रविवार को बस्ती में कार्रवाई की। इस दौरान उन्होंने जोनी नाम के एक नशे के तस्कर के अड्डे पर छापा मारा तो वहां से पुलिस को 25 किलो गांजा, 10 पेटी शराब व एक देसी कट्टा बरामद हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से बस्ती में ही अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गए करीब 19 लाख रुपये बरामद किए। नशा तस्कर के पास से मिली इतनी बड़ी रकम देखकर पुलिस भी हैरान थी। पुलिस को पहले यह हवाला कारोबार का पैसा होने की आशंका लगी। मगर पूछताछ के दौरान जोनी ने बताया कि यह रकम नशा बेचकर कमाई गई है।
जोनी ने पुलिस को बताया कि वह और उसका बेटा वीरेंद्र उर्फ लाला स्मैक, गांजा व अन्य सूखे नशे के अलावा शराब भी बेचते हैं। गांजा व स्कैम आदि नशा बिहार व ओडिशा से लाया जाता है, जिसे वे लोग यहां फुटकर में बेचते हैं। बिजेंद्र उर्फ लाला को पुलिस ने पहले भी नशीला पदार्थ बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। रविवार को वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने जोनी के खिलाफ नशा निरोधक कानून व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे नीमका जेल भेज दिया गया।