चंबाघाट में मैकेनिक की दुकान से 50 हजार का सामान चुराकर कबाड़ में बेचा
पुलिस ने दो महिला आरोपियों समेत कबाड़ की दुकान चलाने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। पुलिस ने चोरी की घटना में संलिप्त दो महिलाओं व चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ के दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी हुआ सामान बरामद कर लिया है। इस मामले में तीन महिलाएं संलिप्त पाई गई हैं जिनमें से दो की गिरफ्तारी हो चुकी है जबकि एक अन्य फरार है। पुलिस आरोपियों से चोरी के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है। इन महिलाओं की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई है। चंबाघाट में मोटर मैकेनिक की दुकान से करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ था। इसमें गाड़ियों के स्पेयर पार्ट, सरिये के टुकड़े, शटर के रिंग, गाड़ी के रेडिएटर, गियर बॉक्स व क्लच प्लेट शामिल हैं। रविवार को दुकानदार ने पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस आधार पर पुलिस ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी की मदद से घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की और सोमवार को बाईपास में आईपीएच व बीमा निगम कार्यालय के बीच बनी झुग्गियों में दबिश देकर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। महिलाओं ने बताया कि उन्होंने चंबाघाट की दुकान से सामान चोरी किया था और उसे बाद में रेलवे रोड स्थित कबाड़ की दुकान में बेच दिया। पुलिस ने महिलाओं की निशानदेही पर सलीम की दुकान में दबिश दी। यहां उन्होंने चोरी हुआ कबाड़ का पूरा सामान बरामद हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि महिलाओं पूछताछ की जा रही है। इनके गिरोह का पता लगाया जा रहा है। अन्य लोग इसमें शामिल होंगे तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।