महिला से ठगे दो लाख रुपये
- बैंक अधिकारी बन खाते की जानकारी ले एक लाख रुपये उड़ाए
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सोशल साइट पर हुई युवक से हुई दोस्ती एक महिला को महंगी पड़ गई। युवक ने लंदन से 23 हजार डॉलर का सामान भेजने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अन्य मामले में बैंक अधिकारी बन ठगों ने एक युवती के खाते की जानकारी ले एक लाख रुपये उड़ा लिए।
सेक्टर-49 निवासी पीड़ित महिला ने एसजीएम नगर थाने में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक ऑनलाइन साइट पर नौकरी के लिए आवेदन किया था। इस दौरान उनकी एक युवक से दोस्ती हो गई। युवक ने अपना नाम विलियम निवासी लंदन बताया था। इस दौरान एक दिन महिला ने विलियम से लंदन से कुछ सामान भेजने के लिए कहा। इसके दो-तीन दिन बाद महिला के पास एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाली महिला ने बताया कि वह एयरपोर्ट कस्टम डिपार्टमेंट से बोल रही है। लंदन से विलियम ने आपके लिए गिफ्ट भेजा है और उन्हें एक्साइज ड्यूटी के तौर पर 45 हजार रुपये जमा करने हैं। महिला ने बातों में आकर बताए गए अकाउंट में रुपये जमा करवा दिए। इस तरह आरोपियों ने उनसे 1 लाख 95 हजार रुपये ठग लिए। एसजीएम नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
एक अन्य मामले में साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बन सैनिक कॉलोनी निवासी एक युवती से 1 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पीड़ित युवती प्रियंका ने बताया कि उसके पास एक फोन कॉल आई थी। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर अकाउंट अपडेट कराने को कहा। इसके साथ ही अकाउंट की कुछ जानकारी भी हासिल कर ली। इसके बाद अकाउंट से 1 लाख रुपये दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए। एसजीएम नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।