इंजीनियर से चाकू के बल पर लूट
बल्लभगढ़। सेक्टर-छह स्थित एक कंपनी में इंजीनियर से चाकू के बल पर छह-सात बदमाशों ने सोहना पुल के पास सात हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना रविवार रात की है। शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने अभी तक पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। वहीं, पुलिस का कहना है कि शराब पीकर पीड़ित और उसके साथियों का आपस में झगड़ा हुआ था, जिसे अब पीड़ित लूट की शक्ल देने में जुटा है।
सेक्टर-22 निवासी अखिलेश सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-छह स्थित एक कंपनी में मेंटेनेंस इंजीनियर हैं। रविवार रात को वह कंपनी से छुट्टी होने के बाद घर जा रहा था। सोहना पुल के कोने पर वह ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान वहां छह-सात युवक आए और उसे घेर लिया। बदमाशों ने उसे चाकू दिखा उसकी जेब में रखा मोबाइल फोन और पर्स निकाल लिया, जिसमें करीब सात हजार रुपये थे। अखिलेश का कहना है कि बदमाशों ने उसे बुरी तरह पीटा, कपड़े फाड़े और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
बस अड्डा चौकी प्रभारी एसआई खेमचंद ने बताया कि शराब पीकर पीड़ित और उसके साथियों का आपस में झगड़ा हुआ था, जिसे अब पीड़ित लूट की शक्ल देने में जुटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।