शाहजहांपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हाथीथान में सोमवार शाम जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मोहल्ला हाथीथान निवासी इमरान खां के मकान के सामने खाली पड़े प्लाट को लेकर विवाद चला आ रहा है। दूसरे पक्ष के वसीम अपना दावा ठोंक रहे हैं वहीं इमरान का कहना है कि उसने यह प्लाट खरीदा है। सोमवार शाम पांच बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। मारपीट के साथ ही विवाद बढ़ने पर फायरिंग हो गई थी, हालांकि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ था। इमरान की ओर से मोहल्ले के ही वसीम खां, नुवैद, मोहल्ला एमनजई जलालनगर निवासी तारिक सिद्दीकी, पुवायां के मोहल्ला कशभरा निवासी मोहम्मद रफी, मोहम्मद नबी के खिलाफ और वसीम की ओर से इमरान उर्फ लवी, अमान, वसीम के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इस पर पुलिस ने दोनो पक्ष की तहरीर पर जानलेवा हमला आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। देर रात पुलिस ने दबिश देकर एक पक्ष के वसीम व दूसरे पक्ष के मोहम्मद रफी को गिरफ्तार कर लिया।
लाइसेंस निरस्तीकरण की होगी कार्रवाई
दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में लाइसेंसी असलाह के प्रयोग की बात कही गई है, मामले की गहराई से जांच के बाद लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
जसवीर सिंह, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली