बल्लभगढ़। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला परिषद ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिखा ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर ग्राम पंचायतों में स्वच्छता नियमों और पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत विभाग, जिला प्रशासन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। सीईओ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतें अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण और निस्तारण की नियमित निगरानी करें तथा सार्वजनिक स्थानों की सफाई निर्धारित मानकों के अनुसार कराई जाए। बैठक के दौरान हाल ही में अधिसूचित स्वच्छता नियमों और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के संबंध में दिए गए निर्देशों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सीईओ शिखा ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों, वार्ड सदस्यों और संबंधित अधिकारियों को इन नियमों की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि गांव स्तर पर इनका प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके। संवाद