बल्लभगढ़। रोडवेज डिपो में महाप्रबंधक का पद खाली होने के विरोध में बुधवार को कर्मचारियों ने डिपो परिसर में प्रदर्शन कर सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले मंगलवार को हरियाणा राज्य साझा मोर्चा के नेतृत्व में चार कर्मचारी संगठनों की ओर से उपायुक्त को नियमित महाप्रबंधक की नियुक्ति की मांग को लेकर ज्ञापन दिया गया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नियुक्ति नहीं की गई तो आंदोलन और हड़ताल शुरू की जाएगी।
कर्मचारी नेताओं ने ज्ञापन में कहा कि डिपो में 13 जुलाई 2026 से महाप्रबंधक का पद रिक्त है। इससे प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ बस संचालन भी प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि अधिकारी नहीं होने के कारण कई महत्वपूर्ण फाइलें लंबित हैं और निर्णय लेने में देरी हो रही है।
कर्मचारी नेता जयपाल ने बताया कि समय पर डीजल की खरीद और भुगतान की प्रक्रिया प्रभावित होने से बसों के नियमित संचालन में दिक्कत आ रही है। इसका असर यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ विभाग के राजस्व पर भी पड़ रहा है। उनका यह भी कहना है कि कर्मचारियों को जुलाई का वेतन अब तक नहीं मिला है, जबकि भुगतान 30 जुलाई तक हो जाना चाहिए था। संवाद