सेक्टर 7-10 डिवाइडिंग रोड से निगम ने हटाया अतिक्रमण, 50 ढांचे तोड़े
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम ने सोमवार को सेक्टर 7-10 की डिवाइडिंग रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। इस दौरान करीब 50 अस्थाई निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया और 10 लोगों के चालान भी काटे। निगम की कार्रवाई के देख अवैध रूप से दुकान लगाने वाले लोग अपने सामानों को लेकर भागते नजर आए।
तोड़ फोड़ शाखा के अधिकारियों ने बताया कि निगम ने कार्रवाई से पहले दो बार इन लोगों को नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था। लेकिन उसके बावजूद कब्जाधारियों ने बात को गंभीरता से नहीं लिया। मजबूरन निगम को तोड़फोड़ अभियान चलाना पड़ा।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण की वजह से सुबह और शाम के समय भारी जाम की स्थिति बन जाती थी। यह न केवल स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण था बल्कि आमजन की आवाजाही भी बाधित हो रही थी।
अब अतिक्रमण हटाने से सड़क पर यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
दुकानदारों और अन्य कब्जाधारियों को निगम ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में उन्होंने अपने सामने किसी भी तरह का अतिक्रमण करवाया तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगम का कहना है कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।