घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़, कंटेनर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। औद्योगिक क्षेत्र मुजेसर के सेक्टर-22 स्थित श्मशान घाट के सामने गंदे नाले वाले पुल पर बृहस्पतिवार रात हादसा हो गया। सड़क पर गड्ढे के कारण भारी मशीन से लदा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के दौरान पास से गुजर रहा बाइक सवार युवक कंटेनर की चपेट में आकर उसके नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर में किसी कंपनी की भारी लोहे की मशीन लोड थी। जब कंटेनर पुल के पास पहुंचा तो सड़क पर गड्ढे में उसका एक पहिया फंस गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कंटेनर असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया। उसी समय साइड से बाइक पर गुजर रहा युवक उसकी चपेट में आ गया और कंटेनर के नीचे दब गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। राहगीरों ने मौके से गुजर रही एक क्रेन को रुकवाया और उसकी मदद से कंटेनर को उठाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद कंटेनर को थोड़ा ऊपर उठाया गया, जिसके बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायल युवक को उपचार के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घायल युवक की पहचान नीरज के रूप में हुई है। वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मुजेसर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो क्रेन की मदद से पलटे कंटेनर को सीधा करवाकर सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात दोबारा सुचारु हो सका। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है।