60 प्रतिशत काम पूरा, सेक्टर-78 में 427 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है भवन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-78 में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय विज्ञान भवन का करीब 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अनुसार भवन का भूतल समेत चार मंजिला ढांचा तैयार कर लिया गया है। अब शेष तीन मंजिलों का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना को मई 2028 की निर्धारित समयसीमा से पहले पूरा कर लोगों के लिए खोलने की तैयारी है।
करीब 427 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस विज्ञान भवन में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। परियोजना की घोषणा वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी। विभिन्न अड़चनों के कारण निर्माण कार्य समय पर शुरू नहीं हो सका। मई 2024 में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई।
विज्ञापन
दो हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग
भवन के भूतल पर पार्किंग का काम पूरा हो चुका है। यहां एक साथ दो हजार से अधिक वाहन खड़े किए जा सकेंगे। परिसर में 2500, 1000 और 600 लोगों की क्षमता वाले तीन ऑडिटोरियम बनाने की योजना है। इसके अलावा बहुउद्देशीय हॉल, कार्यालय, रेस्तरां, कैफे और कैंटीन की सुविधा भी विकसित की जाएगी।
डिजिटल होगा म्यूजियम
विज्ञान भवन में बनने वाला म्यूजियम आधुनिक तकनीक से लैस होगा। इसमें वर्चुअल और 3डी तकनीक के माध्यम से फरीदाबाद के इतिहास और विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, बड़खल झील के इतिहास, राजा नाहर सिंह महल, रानी की छतरी और पुराने फरीदाबाद की तस्वीरों व फिल्मों के माध्यम से जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को शहर के इतिहास और विरासत से जोड़ना है।
परिसर में शॉपिंग और मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है।
अंतरराष्ट्रीय विज्ञान भवन का करीब 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। चार मंजिला ढांचा तैयार है और फिलहाल निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। - संदीप दहिया, अधीक्षण अभियंता, एचएसवीपी