8.25 करोड़ रुपये होंगे खर्च, गांवों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फतेहपुर बिल्लौच से अटेरना तक जर्जर सड़क से गुजरने वाले ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 8.25 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इस मार्ग से जुड़े गांवों के लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
जगह-जगह गड्ढे और जलभराव से परेशानी-
बारिश के बाद फतेहपुर बिल्लौच में पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। फतेहपुर बिल्लौच से जवां गांव के बीच भी सड़क की स्थिति खराब है। जवां में पीडब्ल्यूडी की ओर से सीमेंटेड स्लैब लगाए गए हैं, लेकिन जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत नहीं होने के कारण गड्ढे बने हुए हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
13 गांवों के लोगों को मिलेगा लाभ
सड़क बनने से लढौली, डीग, फतेहपुर बिल्लौच, पन्हैड़ा कलां, जवां, ककड़ीपुर, अटेरना, घाघौट, गोपीखेड़ा, सदरपुर, अलावलपुर, जल्हाका और मोहना के ग्रामीणों को फायदा होगा। अभी इस मार्ग से आने-जाने में करीब एक घंटे का समय लगता है। सड़क बनने के बाद यह समय घटकर करीब आधा होने की उम्मीद है।
जवां में बनेगा सीमेंटेड मार्ग
पीडब्ल्यूडी के उपमंडल अधिकारी रवि इंदर सिंह ने बताया कि फतेहपुर बिल्लौच पेट्रोल पंप के सामने से अटेरना गांव तक सड़क निर्माण की मंजूरी मिल गई है। जवां गांव में फिलहाल लगे सीमेंटेड स्लैब हटाकर सीमेंटेड मार्ग बनाया जाएगा। विभाग की ओर से जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।