अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हिसार में पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोके जाने के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जननायक जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता अनिल खुटेला ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सत्ता का अहंकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज द्वारा बिना कारण काफिले को रोकने और अभद्र व्यवहार करने की कोशिश की गई। खुटेला के अनुसार बातचीत के दौरान हालात ऐसे बने जिससे कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास है। प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो जेजेपी कार्यकर्ता प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन करेंगे।