शराब के नशे में चालान कटा तो आपस में भिड़े दोंनो
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड गोल चक्कर स्थित इंटर-स्टेट रात्रि नाके पर शराब के नशे में हंगामा करने और सार्वजनिक शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 17 अप्रैल की देर रात नाके पर तैनात पुलिस टीम ने की है। आरोपियों की पहचान बंटी और प्रिंस निवासी गांव अनंगपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार नाके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस ने अनंगपुर निवासी बंटी की कार को चेकिंग के लिए रोका था। जांच में सामने आया कि बंटी शराब पीकर गाड़ी चला रहा था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने गाड़ी का चालान कर दिया। चालान कटने के बाद बंटी और उसके साथ मौजूद साथी प्रिंस के बीच अचानक कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों सड़क पर एक-दूसरे से गाली-गलौज और हाथापाई करने लगे। बीच सड़क पर हंगामा होने के कारण यातायात में बाधा उत्पन्न हुई और सार्वजनिक शांति भंग हुई। इसे देखकर पुलिस ने दोनों से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।