खरीदे गए गेहूं का उठान न होने से आढ़ती परेशान
हथीन। हथीन अनाज मंडी में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब आढ़तियों ने अनाज उठान न होने से परेशान होकर मंडी के गेट पर ताला लगा दिया। इसके चलते मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया और आवाजाही प्रभावित हुई।
इस दौरान बड़ी संख्या में किसान गेहूं की फसल लेकर मंडी पहुंचते रहे। अंदर प्रवेश नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर हथीन थाना प्रभारी हरिकिशन भी पहुंचे और हालात को संभालने का प्रयास किया। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान सुखवीर सिंह राजाजी ने बताया कि सरकारी एजेंसियों द्वारा गेहूं की खरीद तो की जा रही है लेकिन उठान नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते मंडी में अनाज डालने की जगह नहीं है। सैंपल लेने के बाद गेहूं को खरीद के लिए उपयुक्त नहीं बताया जा रहा है, जिससे पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
वहीं, मार्किट कमेटी के सचिव वीरेंद्र सिंह कुंडू ने बताया कि आढ़तियों की समस्या को हल करने के लिए खरीद एजेंसी हैफेड एवं एजेंसी हरियाणा वेयर हाउस के अधिकारियों से बात करके गेहूं उठान के लिए लगभग आधा दर्जन ट्रक मंडी में लगा दिए गए हैं। किसानों की मांगें सरकार तक पहुंचा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सैंपल फेल होने के कारण खरीद और उठान दोनों प्रभावित हैं लेकिन प्रशासन स्तर पर बातचीत जारी है। मंडी के गेट पर ताला लगने के बाद कई घंटे तक कामकाज प्रभावित रहा। मार्केट कमेटी के सचिव विरेन्द्र सिंह कुंडू ने आढ़तियों को समझाया, इसके बाद ताला खोल दिया गया। संवाद