संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकार के नशा मुक्त प्रदेश संकल्प के तहत, हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने कोडिन सिरप की नशीली बोतलों की तस्करी के मामले में आरोपी अकरम को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव बिलोंडा, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह का रहने वाला है।
ब्यूरो प्रमुख एडीजीपी संजय कुमार के निर्देशों और ब्यूरो पुलिस अधीक्षक मोहित हाण्डा के नेतृत्व में प्रदेश में नशा तस्करों पर कार्रवाई जारी है। फरीदाबाद यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी को हाईकोर्ट के अग्रिम जमानत आदेश के अनुसार गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य अन्य आरोपियों और नशा तस्करी के स्रोतों तक पहुंच बनाना है। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।