संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। मानसून से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जाजरु और मोहना ग्राम पंचायतों ने बड़े स्तर पर नालों व रास्तों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया है। दोनों गांवों में जेसीबी की मदद से बड़े नालों से गाद, घास-फूस और कचरा हटाया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान पानी की निकासी सुचारु बनी रहे और ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जाजरु गांव के सरपंच अजय डागर ने बताया कि हर वर्ष बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या हो जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए मानसून से पहले ही सभी नालियों और मुख्य रास्तों की सफाई कराई जा रही है।
वहीं मोहना गांव के सरपंच प्रतिनिधि ओमवीर ने बताया कि गांव के बड़े नालों की लंबे समय से सफाई नहीं हुई थी, जिससे उनमें गंदगी और घास-फूस जमा हो गई थी। बारिश के दौरान इससे जल निकासी बाधित होने और ग्रामीणों को परेशानी होने की आशंका रहती है। इसी कारण मानसून से पहले बड़े नालों की सफाई शुरू कर दी गई है।