अब गर्भवती महिलाओं समेत अन्य मरीजों को नहीं लगाने पड़ेंगे दूसरे अस्पतालों के चक्कर
आईओसीएल के सीएसआर फंड से मिली मशीन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-45 स्थित मेवला महाराजपुर के शहरी स्वास्थ्य केंद्र में अब अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के लोगों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूसरे सरकारी या निजी अस्पतालों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नई सुविधा से मरीजों को समय पर जांच उपलब्ध होगी और इलाज में होने वाली देरी भी कम होगी।
स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड के तहत उपलब्ध कराई गई है। उपायुक्त आयुष सिन्हा और सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा के प्रयासों से यह सुविधा शुरू की गई है। विभाग का अनुमान है कि इससे आसपास के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।
अब केंद्र पर गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसवपूर्व जांच के अलावा पेट, किडनी, लिवर, थायरॉयड और अन्य बीमारियों से संबंधित अल्ट्रासाउंड जांच भी की जा सकेगी। इससे मरीजों को जांच के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और निजी अस्पतालों में अतिरिक्त खर्च से भी राहत मिलेगी। शहरी स्वास्थ्य केंद्र की एसएमओ डॉ. मीनाक्षी तंवर ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन शुरू होने से मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी।