500 विद्यार्थी डर के साये में पढ़ाई करने को मजबूर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-2 स्थित तिकोना पार्क के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की हालत बेहद खराब है। विद्यालय की पुरानी इमारत लंबे समय से जर्जर अवस्था में है, यहां तक कि कई कमरों को जिला शिक्षा विभाग की ओर से कंडम घोषित किया जा चुका है। इसके बावजूद उन्हीं कमरों में प्रतिदिन लगभग 500 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
विद्यालय में प्राथमिक और माध्यमिक स्तर की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। कमरों की दीवारों में दरारें, कमजोर छतें और बारिश के समय पानी टपकना आम बात हो चुकी है। शिक्षकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर वे चिंतित रहते हैं लेकिन विकल्प न होने के कारण पढ़ाई जारी रखनी पड़ रही है।
विद्यालय परिसर में खेलने का मैदान बदहाल स्थिति में है और शौचालयों की संख्या और स्थिति दोनों ही असंतोषजनक हैं। इससे छात्रों को दैनिक आवश्यकताओं में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, खासतौर पर छात्राओं के लिए यह समस्या गंभीर बन जाती है।
वर्जन
स्कूल के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला नई बिल्डिंग बनाने का टेंडर पास हो चुका है और निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। प्रस्तावित इमारत में 12 क्लासरूम, एक कंप्यूटर लैब, बॉयज और गर्ल्स वॉशरूम, एक लाइब्रेरी, दो सीढ़ियां और एक रैंप भी बनाया जाएगा।- सुनील कुमार, सब-डिविजनल इंजीनियर, जिला शिक्षा विभाग