ऑटो से लेकर जिला नागरिक अस्पताल पहुंचा था पति
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों व कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान सोमवार को कृष्णा कॉलोनी से आई गर्भवती महिला ने अस्पताल की लिफ्ट के बाहर ही शिशु को जन्म दे दिया। घटना लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। अस्पताल में 10 से 11 बजे तक सभी ओपीडी सेवाएं बंद थीं। इस दौरान अस्पताल में सभी स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी हड़ताल पर थे।
कृष्णा कॉलोनी निवासी बिस्ताप ने बताया कि सोमवार सुबह अचानक पत्नी परवीन को प्रसव पीड़ा होने लगी। इसके बाद परवीन को तुरंत ऑटो में बिठाकर बीके अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि एबुलेंस को फोन करने का समय नहीं मिला।
अस्पताल में लेबर वार्ड में पहुंचने से पहले ही गर्भवती महिला ने लिफ्ट के बाहर ही शिशु को जन्म दे दिया। इस दौरान ओपीडी सेवाएं बंद थीं। हालांकि बिस्ताप ने बताया कि उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई। स्टाफ नर्स की तत्परता से परवीन को तुरंत पहली मंजिल पर लेबर वार्ड में शिफ्ट किया गया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
जियो फेंसिंग प्रणाली के विरोध में हड़ताल पर थे कर्मचारी
जियो फेंसिंग उपस्थिति प्रबंधन प्रणाली के विरोध में सभी सरकारी स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी एक घंटे की हड़ताल पर थे। इस दौरान ओपीडी बंद रही, जिस कारण मरीजों को काफी परेशानी हुई। हालांकि आपातकालीन विभाग चालू रहा। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि सरकार ने पहले से ही ऑनलाइन हाजिरी का सिस्टम लागू किया हुआ है। ऐसे में जियो फेंसिंग अटेंडेंस का कार्य थर्ड पार्टी करेगी। इससे चिकित्सक सहित पैरामेडिकल स्टाफ का निजी डेटा सार्वजनिक होने का खतरा है। इसका हम विरोध करते हैं।
वर्जन
जियो फेंसिंग उपस्थिति प्रबंधन प्रणाली के विरोध में हड़ताल की गई थी। इस दौरान गर्भवती महिला के लिफ्ट के बाहर बच्चे को जन्म देने की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हुआ है तो नर्सिंग स्टाफ ने संभाल लिया होगा। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। - उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमपी सिंह