ईएसआईसी अस्पताल की ओर से 31 करोड़ का टेंडर जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बढ़ते मरीज भार और हाल ही में सुरक्षा कर्मियों की कमी के बीच ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निजी सुरक्षा एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी किया गया है। इसके तहत अस्पताल में व्यापक स्तर पर सिविल गार्डों की तैनाती की जाएगी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार बिना हथियार वाले सुरक्षा गार्ड और पर्यवेक्षकों की सेवाएं निजी एजेंसी के माध्यम से ली जाएंगी। करीब 31.72 करोड़ रुपये की लागत से दो साल से अधिक अवधि के लिए सिविल गार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। गौरतलब है कि हाल ही में 50 से अधिक सिविल गार्डों को हटाए जाने के बाद अस्पताल में सुरक्षा कर्मियों की संख्या काफी कम हो गई थी। इससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने लगी थी। निकाले गए गार्डों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर तीन दिन तक प्रदर्शन भी किया, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल दोपहर 12 बजे निर्धारित की गई है, जबकि उसी दिन 12:30 बजे निविदाएं खोली जाएंगी। इच्छुक एजेंसियों के लिए न्यूनतम 6 करोड़ रुपये वार्षिक कारोबार और तीन साल का समान कार्य अनुभव अनिवार्य रखा गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। मौजूदा समय में अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही थी। डीन डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय ने बताया कि इस प्रक्रिया के जरिए प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिससे अस्पताल परिसर में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।