फरीदाबाद। कोरोना वायरस की तीसरी लहर से पहले बच्चों की वैक्सीन का ट्रायल ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में शुरू हो गया है। इसमें देशभर से करीब 600 बच्चों को ट्रायल में शामिल किया जाएगा। इसमें फरीदाबाद के छह बच्चों को ट्रायल के रूप में कोरोना बचाव का टीका लग चुका है, जबकि,12 की स्क्रीनिंग की गई है।
एनआईटी तीन नंबर स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के रजिस्ट्रार डॉ. एके पांडे ने बताया कि इससे पहले कोवैक्सीन और स्पूतनिक वैक्सीन का ट्रायल सफलता पूर्वक किया गया था। उसके बाद दोनों वैक्सीनों को स्वीकृत मिल गई थी। अब तीसरी वैक्सीन कोरबेवैक्स का ट्रायल शुरू किया गया है। इसमें पहले युवाओं ने भाग लिया था। उनका दो फेज पूरा हो चुका है। अब तीसरा चल रहा है। इस दौरान तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए बच्चों पर कोरबेवैक्स का ट्रायल शुरू कर दिया गया है, जिसमें करीब 600 बच्चे देशभर से शामिल होंगे। फेज दो में 12 से 18 साल के और फेज तीन में 5 से 18 साल के बच्चे भाग लेंगे। देशभर से फेज दो में 134 बच्चे शामिल होंगे। अभी तक 60 बच्चे शामिल हो चुके हैं। इसमें फरीदाबाद से छह बच्चे शामिल हैं। 12 की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
ट्रायल अधिकारी डॉ. संकल्प ने बताया कि इस ट्रायल में भाग लेने के लिए 9310708560 पर बच्चे से संबंधित जानकारी देकर भाग ले सकते हैं। ट्रायल में भाग लेने वाले बच्चों को आने-जाने के लिए खर्च भी अस्पताल की ओर से दिया जाएगा। इस वैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन के बाद लगाई जाएगी।