पानी की बोतलों से भरा ई-रिक्शा रैंप पर चढ़कर बच्चे पर पलटा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-31 में घर के बाहर साइकिल चला रहे आठ वर्षीय बच्चे की ई-रिक्शा के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब पानी की बोतलों से लदा ई-रिक्शा टी-प्वाइंट पर बने रैंप की वजह से अनियंत्रित होकर साइकिल सवार बच्चे पर पलट गया।
चीख-पुकार सुनकर पिता अजय रावत और आसपास के पड़ोसी तुरंत दौड़े। लोगों ने ई-रिक्शा को उठाकर सक्षम को बाहर निकाला। हादसे में बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें और अत्यधिक खून बह रहा था। परिजन उसे सेक्टर-19 स्थित निजी अस्पताल ले गए लेकिन सिर की गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सेक्टर-31 निवासी सक्षम के रूप में हुई है। सक्षम के पिता अजय रावत नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और उनका परिवार मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा (फतेहाबाद) का रहने वाला है। बीते कई वर्षों से परिवार फरीदाबाद में ही रह रहा है। शनिवार आठ अगस्त की शाम करीब 5:05 बजे सक्षम अपने एक दोस्त के साथ घर की गली में साइकिल चला रहा था।
गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा हादसा कैद हो गया है। फुटेज के अनुसार, सामने से पानी की बड़ी-बड़ी बोतलों से भरा ई-रिक्शा आ रहा था। बच्चे को सामने देखकर चालक ने ई-रिक्शा को बचाने के चक्कर में साइड में बने एक रैंप पर चढ़ा दिया। ई-रिक्शा में पानी की बोतलें भरी होने के कारण उसका वजन काफी ज्यादा था, जिससे रैंप पर चढ़ते ही रिक्शे का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे साइकिल चला रहे सक्षम के ऊपर ही पलट गया। घटना की सूचना अस्पताल से मिलने के बाद पुलिस टीम मौके व मोर्चरी पहुंची और शव को बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार नौ अगस्त को पिता अजय रावत की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक रोहित के खिलाफ थाना सेक्टर-31 में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी चालक को पकड़ लिया गया है और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।