मथुरा रोड स्थित अजरौंदा चौक के पास से दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मथुरा रोड स्थित अजरौंदा चौक के पास से कार सवार तीन आरोपियों को दबोचा। आरोपियों की पहचान बसंत (34) निवासी संजय कॉलोनी, आकाश उर्फ मोनू (30) निवासी संजय कॉलोनी और योगेश उर्फ योगी (30) निवासी पर्वतीय कॉलोनी के रूप में हुई है।
तीनों आरोपी आपस में गहरे दोस्त हैं और इसी दोस्ती के चक्कर में वे क्राइम की दुनिया में उतर आए। वर्ष 2020 में आरोपी बसंत के भाई विमल के पैर में गोली मार दी गई थी, जिसके संबंध में देवेंद्र व योगी के विरुद्ध थाना मुजेसर में मामला दर्ज हुआ था। इसी पुरानी रंजिश और घटना का बदला लेने के लिए आरोपी अवैध हथियारों से लैस होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। जांच में खुलासा हुआ कि वर्ष 2020 में मुजेसर थाना क्षेत्र में बसंत के भाई विमल को गोली मारी गई थी। इस रंजिश में देवेंद्र और योगी नाम के व्यक्तियों पर मामला दर्ज हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए बसंत ने अपने दोस्तों आकाश और योगेश को साथ मिलाया। तीनों ने योजना बनाकर भारी मात्रा में अवैध असलहा जुटाया और वारदात की फिराक में निकल पड़े। एसीपी अपराध अमन यादव ने बताया कि आठ अगस्त को क्राइम ब्रांच ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा, चार मैगजीन और 30 कारतूस बरामद किए। वारदात में इस्तेमाल कार को भी जब्त कर लिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि बसंत प्रॉपर्टी डीलर है, योगेश वेल्डिंग का काम करता है और आकाश वर्कशॉप में कार्यरत है।