तीन से 15 जुलाई के दौरान की गई ठगी, साइबर क्राइम थाना एनआईटी में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एनआईटी एरिया के रहने वाले व्यक्ति को शेयर बाजार व आईपीओ में निवेश पर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 33.80 लाख रुपये ठग लिए गए। व्हाट्सएप मैसेज में लिंक भेजकर आरोपियों ने संपर्क किया और ग्रुप में कुछ दिन तक ट्रेनिंग के बाद निवेश कराना शुरू कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को यह शिकायत एनआईटी एरिया के रहने वाले सतीश कुमार ने दी है। इनका कहना है कि व्हाट्सएप पर इन्हें मैसेज में लिंक आया था । जिसमें शेयर व आईपीओ में निवेश पर मुनाफा दिलाने का दावा किया गया था। लिंक पर 25 जून को क्लिक किया तो एक ग्रुप जॉइन हो गया। आरोपियों ने शुरू में निवेश करने के टिप्स दिए। आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने तीन से 15 जुलाई के दौरान 20 ट्रांजेक्शन में 33.80 लाख रुपये निवेश कर दिए। निवेश पर काफी मुनाफा होना भी बताया गया। बाद में रिफंड का प्रयास किया तो इनसे 20 लाख रुपये जमा करने को कहने लगे। तब ठगी का अहसास हुआ और मामला पुलिस तक पहुंचा। मामले में अब साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।