अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बच्चे के जन्मदिन की पार्टी के लिए एक व्यक्ति ने अपने दोस्तों को बुलाया और शराब पिलाई। इसी दौरान हुई कहासुनी में वीरपाल के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक के तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सेक्टर-17 थाना में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है। वीरपाल की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक वीरपाल (42) यूपी बरेली का मूल निवासी था और यहां सरपंच कॉलोनी में रहता था। उसके भाई बल्लू ने पुलिस को शिकायत दी है। भाई ने कहा कि वीरपाल के पड़ोस में ही लालू, जयपाल व संतोष भी सरपंच कॉलोनी में रहते हैं। संतोष की बेटी का जन्मदिन मंगलवार को था। इसकी पार्टी देने के लिए उसने लालू, जयपाल व वीरपाल को बुलाया। सभी ने साथ बैठकर शराब पी। फिर वे सभी सेक्टर-20ए ईएफ थ्री मॉल के पास गए और वहां भी शराब पी। इस दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर झगड़ा हो गया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर वीरपाल के सिर पर वार किया जिससे उसकी मौत हो गई। शव को वे सड़क किनारे छोड़कर चले गए। सूचना के बाद मंगलवार रात पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। देर रात ही सेक्टर-17 थाना में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। मेडिकल बोर्ड से पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि पुलिस चौकी सेक्टर 16 की टीम ने आरोपियों लालू और जयपाल को काबू किया है। लालू यूपी बदायूं का और जयपाल यूपी बरेली का मूल निवासी है। इनसे टीम पूछताछ कर रही है।