अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में सक्रिय बदमाशों ने मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात वरिष्ठ आईएएस अधिकारी का रिश्तेदार बनकर एक व्यापारी से करीब 29 लाख रुपये की ठगी की। आरोप है कि पैसे लेने के बावजूद कोई काम नहीं कराया।
डीएलएफ सेक्टर-10 निवासी देवेन्द्र सैनी ने पुलिस आयुक्त ओपी नरवाल को दी शिकायत में बताया कि अजरौंदा चौक के पास उनकी दिव्या ऑटो ट्रैड्रर्स के नाम से बैट्रियों की दुकान है। दुकान के चलते 18/20 साल से अश्वनी कुमार निवासी सेक्टर-08, से जान पहचान है। ये व्यक्ति दुकान के सामने टैक्सी लगाता था। अश्वनी कुमार अक्सर दुकान पर आता जाता रहता था। उसने यह बताया था कि आईएएस अधिकारी राजेश खुल्लर रिश्ते में उसके साला लगते हैं। वर्ष 2015/2016 में अश्वनी कुमार ने उन्हें बताया कि साले राजेश खुल्लर की सरकार में अच्छी पैठ है। यदि कोई सरकारी काम हो तो बता देना।
आरोपी अश्वनी ने उसे कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय में यदि कोई फाइल रुकी हुई हो। किसी भी सरकारी कर्मचारी का तबादला करवाना और किसी को सरकारी नौकरी लगवाना हो तो करा दिया जाएगा। उसकी बात पर विश्वास करने के बाद वर्ष 2017 में व्यक्ति ने अपने रिश्तेदारी में दो लड़के जिन्होंने हरियाणा पुलिस में सिपाही पद के लिए फार्म भरे हुए थे, के बारे में अश्वनी कुमार से बातचीत की। उस समय अश्वनी कुमार ने कहा कि वह एक बार चंडीगढ़ जाकर बब्बू भाई साहब से बात कर लेगा। उसने जब बब्बू भाई साहब के बारे में पूछा तो उसने कहा कि बब्बू भाई साहब, सीएम कार्यालय में वरिष्ठ आईएएस आधिकारी है। और उसके बड़े भाई है। सरकारी नौकरी लगवाने, ट्रांसफर करवाने आदि सारे काम वही देखते हैं। आरोपी ने आठ लोगों का काम करने के लिए उससे करीब 29 लाख रुपये ले लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।