- गुरुग्राम पुलिस बनकर ठग ने की किसान को कॉल, 9 लाख रुपये मांगने पर पिता को हुआ ठगी का शक
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गुरुग्राम पुलिस बनकर किसान के पास कॉल करके साइबर ठगी के आरोपियों ने बताया कि उनके बेटे को दुष्कर्म के मामले में पकड़ लिया गया है। बेटे को छुड़वाने के लिए 50 हजार रुपये की डिमांड रखी। पिता ने पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद आरोपियों ने कहा कि उच्च अधिकारी नहीं मान रहे हैं। उन्होंने 9 लाख रुपये की मांग और रखी है। शक होने पर उन्होंने बेटे को कॉल की तब ठगी का पता चला। थाना साइबर पुलिस ने पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-8 निवासी बालकिशन ने बताया कि वह किसान हैं। उनके पास अप्रैल महीने में अनजान व्यक्ति ने कॉल की। आरोपी ने अपने आप को गुरुग्राम पुलिस का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि उनके बेटे जितेन्द्र को उसके साथियों के साथ बलात्कार के केस में पकड़ लिया गया है। जिसके बाद उन्होंने वीडियो कॉल करके दिखाया तो वह हल्की सी धुंधली दिखाई दी। जिसमें रोने की आवाज बेटे जितेन्द्र की लग रही थी और टूटे हुए दो दांत भी हल्के-हल्के दिखाई दे रहे थे। आरोपियों ने कहा कि उनके बेटे व उसके साथियों को अभी थाने में लेकर जा रहे हैं। अगर बेटे को बचाना है, तो तुरंत 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दो। उन्होंने अपने भतीजे से आरोपी के बताए हुए खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। उसके बाद आरोपियों का दोबारा से फोन आया कि बड़े अधिकारी नहीं मान रहे हैं। वह 9 लाख रुपये और मांग रहे हैं। तब उनको शक हुआ कि उनके साथ कोई फ्रॉड हो रहा है। उन्होंने अपने बेटे जितेन्द्र को फोन किया तो उसने कहा कि वह घर आ रहा है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा जितेंद्र उस समय एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। वह नौकरी करने के बाद घर को आ रहा था।